गाजीपुर। भदौरा ब्लॉक क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2024-25 में मनरेगा के पक्के कार्यों के भुगतान में गड़बड़ी सामने आई है। नियमानुसार कुल 55.57 लाख रुपये का भुगतान करना था लेकिन, 83 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। बीडीओ केके सिंह ने इसे तकनीकी खामी बताई है।
जिले में मनरेगा के तहत कराएं गए पक्के कार्यों के भुगतान के लिए जनपद को 10.86 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई थी। इसका 14 प्रतिशत ही भुगतान करने का निर्देश शासन की ओर सो जारी किया गया था। भदौरा ब्लॉक क्षेत्र में कुल 46 ग्राम पंचायतें हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा के पक्के कार्य कराए गए थे। शासन से धनराशि जारी नहीं होने के कारण लंबे समय से जनपद का 7749.35 लाख रुपये भुगतान लंबित था। एक सितंबर को शासन की ओर से धनराशि जारी की गई। इसके साथ ही जिला प्रशासन की ओर से निर्देश दिया गया था कि बकाये धनराशि का 14 प्रतिशत ही भुगतान किया जाए। भदौरा ब्लॉक में नियम की अवहेलना करते हुए भुगतान कर दिया गया। 14 प्रतिशत के भुगतान के नियम के अनुसार भदौरा ब्लॉक को केवल 55.57 लाख रुपये का भुगतान करना था लेकिन, 83 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। भदौरा ब्लॉक में मनरेगा के पक्के निर्माण कार्यों के भुगतान में गड़बड़ी सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। आनन-फानन में मनरेगा विभाग की ओर से बीडीओ को नोटिस जारी कर दिया गया है। भदौरा ब्लॉक के बीडीओ केके सिंह ने बताया कि तकनीकी खामी के कारण निर्धारित नियम से अधिक का भुगतान हो गया है।