कासिमाबाद। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निरीक्षण के मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए जिले के अधिकारियों सहित भाजपा नेताओं की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है। शनिवार को विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी भारत भार्गव, तहसीलदार विराग पांडेय कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को पूर्वांह्न 10 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करने के लिए धरवार कला गांव के पास एक्सप्रेस-वे पर बने हेलीपैड पर उतरेंगे। कार्यक्रम की रूप-रेखा के मुताबिक मुख्यमंत्री रविवार की शाम को वाराणसी पहुंच जाएंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरे दिन सोमवार की सुबह हेलीकाप्टर से वाराणसी से चलकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 307 पर बने हेलीपैड पर लैंड करेंगे। मुख्यमंत्री एक्सप्रेस-वे पर ही अधिकारियों के साथ एक पंडाल में समीक्षा बैठक करने के बाद दूसरे बन रहे पंडाल में 500 लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरा जिला प्रशासन कार्यक्रम की तैयारी में लग गया है। पीडब्लक्यूडी विभाग कासिमाबाद की सड़कों पर बने गड्ढों को पाटने में सुबह से ही लग गया था। वहीं एक्सप्रेस-वे पर हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक दोनों तरफ की सड़कों को हवा के प्रेशर से साफ कर पानी से धुलाई की जा रही है। यही नहीं जगह-जगह हरे वृक्षों को भी लगाया जा रहा है। एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ की रेलिंग की पेंटिंग आदि कर सड़क को सफाई करने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम को देखते हुए क्षेत्रीय लोगों में भी जिज्ञासा बढ़ गई है।