सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र अंतर्गत गहमर गांव में एक दबंग ने शनिवार की देर शाम एक युवक को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजने के साथ तहरीर पर छानबीन शुरु कर दी। मधुकर राय पट्टी निवासी अंजनी गुप्ता शनिवार को दिल्ली से अपने घर आया हुआ था। देर शाम वह अपने मुहल्ले में ही दुकान पर घरेलू सामान ले रहा था। इसी दौरान गांव के ही एक दबंग युवक ने उसके ऊपर डंडे से हमला कर दिया। अभी पीड़ित कुछ समझ पाता दबंग ने मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गंभीर अवस्था में घायल युवक को पीड़ित परिवार और मुहल्ले के लोग थाने पहुंचे जहां से प्राथमिक उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए भदौरा सीएचसी भेजा गया। सिर में गंभीर चोट आने की वजह से घायल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस संबंध में कोतवाल अनिल पांडेय ने बताया कि मारपीट की घटना की सूचना मिली है। पीड़ित का मेडिकल कराकर कार्रवाई की जा रही है, जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।