गाजीपुर जिले के डोरा गांव के पास शुक्रवार की देर शाम सिविल ड्रेस में खड़े दो पुलिस कर्मियों ने एक बाइक पर सवार तीन मनबढ़ों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। इससे नाराज मनबढ़ों ने दो पुलिस कर्मियों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ जब-तक मौके पर पहुंचते तीनों फरार हो गए।
पुलिस ने मुकदमा दर्जकर तीनों की धर-पकड़ शुरू कर दी। आरोपियों में एक सेना का भगोड़ा सिपाही भी शामिल है। जानकारी के अनुसार थाने के दो सिपाही आयुष कुमार और सतीश कुमार पिछले दिनों ससना गांव में हुई चोरी के मामले की छानबीन के लिए सिविल ड्रेस में रघुवंश चौराहे के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन लोग दिखाई पड़े, जिस पर दोनों सिपाहियों ने उन्हें रोक दिया।