बेसिक शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने विकास भवन के सभागार में शनिवार को जनपदीय अधिकारियों संग विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के माध्यम से कराए जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यो की विस्तृत रूपरेखा प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया। राज्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय पुरुष-महिला, नई सड़कों का निर्माण, नरियांव एवं बारा में पानी टंकी निर्माण, सीवरेज प्लांट फेज-1 एवं फेज-2, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्या एवं समाधान, सिंचाई, पर्यटन एवं अन्य लाभपरक विभागीय योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन-जिन विभागों के कार्य अभी बाकी हैं उसे पूर्ण कराना अति आवश्यक है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बिना किसी सरकारी दबाव के निष्पक्ष होकर सही कार्य करने की पूरी छूट है। लेकिन इसके बाद भी अगर आमजन में आपके कार्य के प्रति असंतोष रहे और लोगों की समस्या अभी भी बरकरार रहे तो कहीं न कहीं जहां हम कार्य कर रहे हैं वहां एक प्रतिशत की दुविधा है।
उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्तियों की समस्याओं को समय रहते निस्तारित नहीं किया गया तो उसकी समस्याएं दिन पर दिन बढ़ती चली जाती है। तहसील स्तरीय समस्याएं चाहे वह पैमाइश या अन्य समस्या हो उसे समय से निस्तारित करने का निर्देश दिया। राज्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों के लिए अच्छा कार्य करने का माहौल इस सरकार के अलावा अन्य दूसरी सरकार में नहीं मिलेगा। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, डीएम एमपी सिंह, पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता एवं अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कार्य की धीमी प्रगति पर नाराज हुए राज्यमंत्री
गाजीपुर। राज्यमंत्री ने निर्माणाधीन 100 बेड महिला जिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य का जायजा लिया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम इकाई बलिया को मजदूरों की संख्या बढ़ाते हुए मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया। इसके बाद संचालित महिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया जहां उन्होंने महिला रोगियों एवं उनके परिजनों से पूछताछ एवं सीएमएस से दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली।
प्रधानों, एआरपी और एसएमसी अध्यक्षों को सम्मानित किया
गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बबेड़ी स्थित एक गार्डेन में कार्यक्रम का आयोजन शनिवार की शाम को किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने जन सहयोग से प्राप्त 251 स्मार्ट टीवी का लोकार्पण किया। इसके बाद आपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत शानदार प्रदर्शन करने वाले ग्राम प्रधानों, शैक्षणिक गुणवत्ता में विशेष योगदान देने वाले एआरपी, शिक्षकों तथा एसएमसी अध्यक्षों को सम्मानित किया। शैक्षिक प्रशासन में नवाचार प्राप्त राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव को राज्यमंत्री ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न विद्यालय के बच्चों की तरफ से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसे देख उपस्थित लोग मुग्ध हो गए। इस अवसर पर एडी बेसिक अवधकिशोर सिंह, डायट के प्राचार्य उदयभान आदि उपस्थित थे।