नंदगंज बाजार में सराफा की दुकान में चोरी के बाद बिखरे सामानो को देखता दुकानदार।
थाने से 200 मीटर की दूरी पर बाजार स्थित एक सर्राफा की दूकान में शनिवार की रात चोर चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद पूरे इत्मीनान से अंदर रखा दस ग्राम सोना और दो किलो चांदी के आभूषण तथा 20000 रुपये नकदी उठा ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
नंदगंज बाजार निवासी अजय कुमार वर्मा की बाजार में ही अपना मकान है। इसी मकान के अगले हिस्से में सर्राफा की दूकान भी है। रोज की तरह शुक्रवार की रात भी वह दूकान बंद कर घर सोने चला गया था। देर रात चोर रस्सी के सहारे दूकान की छत पर पहुंच गए। इसके बाद ऊपर चैनल गेट का दो ताला तोड़कर दूकान में घुस गए। मकान के दरवाजे को चोरों ने बाहर से बाद कर दिया। बड़े ही आराम से बेखौफा हो दूकान को खंगाला। उसमें से दस ग्राम सोना और दो किलो चांदी के जावरात के साथ ही बीस हजार नकदी लेकर गायब हो गए।
शनिवार की सुबह अजय की जब नींद खुली और घर के बाहर निकले तो देखा कि दरवाजा बाहर से बंद है। इस पर उन्होंने पड़ोसी को दूकान की चाबी देकर शटर खुलवाया। इसके बाद दूकान में गए तो देखा कि सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और सोना तथा चांदी के जेवराज गायब थे। चोरी की जानकारी होते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित से पूछताछ करने के छानबीन में जुट गई। चोर जिस रस्सी के सहारे छत पर चढ़ने थे, उसे छत की दीवार पर ही लटकता छोड़ दिया था। पीड़ित अजय ने थाने में तहरीर दी है। जिसमें लिखा है कि चोर चांदी के पायल, बिछिया, मंगटीका, ताबिज सहित करीब दो किलो की चांदी उठा ले गए हैं। इसके साथ ही दूकान में रखा दस ग्राम सोने के आभूषण और 20 हजार रुपये नकदी भी लेते गए। नकदी और आभूषण मिलाकर एक लाख 40 हजार रुपये की चोरी हुई है। घटना को अंजाम थाने से करीब 200 मीटर की दूरी पर दिया गया है। थाने से सटे तका सड़क के मध्य स्थित दूकान में चोरी की घटना से अन्य दूकानदारों में भय व्याप्त है। लोगों का कहना था कि चोरों के मन में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रह गया है।