मरदह। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय रायपुर बाघपुर के परिसर में शनिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर यूपी बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं कक्षा के दो छात्रों और जयहिंद मेधावी प्रतियोगिता के कक्षा-1 से आठ तक के सफल 141 मेधावियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में गांव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र हिमांशु यादव एवं 12वीं की छात्रा अंजलि यादव को मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति डॉ. हरिकेश सिंह ने सम्मानित किया। साथ ही कक्षा-1 में प्रथम अवंतिका पांडेय, कक्षा-2 में स्नेहा यादव, 3 की अंशिका पाल, 4 के अनूप यादव, 5 के संतू पाल, 6 के पीयूष राजभर, 7 की रेशमा राजभर एवं 8 में अव्वल आने वाली उजाला राजभर को मेडल, शील्ड, स्कूली बैग, काॅपी-कलम एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं तथा उनके अभिभावकों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा एक अनमोल धरोहर है। जो जितना इसका जतन करेगा, उसका उतना ही विकास संभव है। इस मौके पर विवेक स्वाधीन, शशिप्रकाश सिंह, कैलाश यादव, नरसिंह यादव, जनार्दन पांडेय, कमलेश दुबे, कमलेश पांडेय, लोकतंत्र रक्षक सेनानी सुदामा यादव, प्रधानाध्यापक शिवबचन यादव, रामवचन यादव आदि मौजूद थे।