गाजीपुर। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंकों के साथ प्रदेश में अपनी मेधा का परचम लहराने वाले मेधावियों को बृहस्पतिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे।
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में समारोहपूर्वक आयोजित कार्यक्रम में हाईस्कूल में प्रदेश में स्थान पाने वाली जिले की दो छात्राओं गंगा मौर्य एवं अनीता यादव को सम्मानित किया जाएगा। उन मेधावियों को अमर उजाला की तरफ से भी सम्मान से नवाजा जाएगा।
इसी क्रम में शहर के राइफल क्लब में भी एक कार्यक्रम का आयोजन दिन में 11 बजे से किया गया है। इसमें जनप्रतिनिधि/ जिलाधिकारी की ओर से जिले के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 10-10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसमें हाईस्कूल की रुक्मिणी यादव, पायल सिंह, प्रियांजली गिरी, सुप्रिया, आराध्या पाल, अंशिका यादव, खुशी यादव, अंशिका यादव, माइकल जैक्सन, अंशिका यादव शामिल हैं। इसके अलावा इंटर में श्रेया प्रजापति, मुस्कान गिरी, सोनल कुशवाहा, विनीता यादव, सृष्टि प्रजापति, आशीष यादव, ऋषभ राज, खुशी यादव, सतीश मौर्य एवं खुशी यादव को आज सम्मानित किया जाएगा।