गाजीपुर। शहर कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी से मिला। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उन्हें जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा।
दिए गए पत्रक में कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी जी द्वारा प्रदेश सरकार से लॉकडाउन में फंसे प्रदेश के श्रमिक कामगारों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए पार्टी द्वारा चलाई जाने वाली 1000 बसों की अनुमति मांगी गई थी। लेकिन सरकार द्वारा इनकी अनुमति देने के बावजूद बसों को चलने नहीं दिया जा रहा है। जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जी बस लेकर नोएडा जा रहे थे तो उन्हें आगरा में गिरफ्तार कर लिया गया, जो प्रदेश सरकार की हठधर्मिता को दर्शाता है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्णय लिया गया है कि प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी एवं प्रदेश सरकार द्वारा कांग्रेस पार्टी द्वारा दी जाने वाली बसों को चलाने की अनुमति न दिए जाने के विरोध में आज ज्ञापन के माध्यम से विरोध दर्ज कराया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में संजय राय, राकेश राय, हिमांशु श्रीवास्तव, मनीष कुमार राय, अभय कुमार गुप्ता, शक्ति आनंद आदि उपस्थित रहे।