गाजीपुर। भाकपा माले की जिला स्थायी समिति की बैठक तुलसी सागर लंका स्थित कार्यालय पर बृहस्पतिवार को हुई। जिसमें कर्फ्यू के चलते रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहे गरीबों, छोटे दुकानदारों को भत्ता देने, ग्रामीण गरीबों को रोजगार मुहैया कराने के सवालों को लेकर 17 मई को आयोजित राष्ट्रीय डिमांड-डे की तैयारी को लेकर चर्चा हुई। जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि बड़ी तादाद में देश भर में कोविड-19 से हो रहीं मौत योगी-मोदी सरकार की लापरवाही का परिणाम है। सरकार की लापरवाही से जानें गई हैं उनको उचित मुआवजा दिया जाए। हर गांव हर घर में संक्रमित व्यक्ति है। गांव-गांव में जांच कराकर दवा किट समेत सेनेटाइज करने की मांग उठाई। कहा कि आज जरूरत है गरीबों को गांवों में काम देने की। अगर गरीबों को गांव-गांव में रोजगार मुहैया नहीं कराया गया तो अन्न दाना के अभाव में गरीबों की भुखमरी से मौतें होगी। उन्होंने महीने में हर गरीब को 50 किलो राशन, दस हजार रुपए लाकडाउन गुजारा भत्ता देने, अस्पतालों में दवा और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। 17 मई को गांव-गांव में प्रदर्शन कर आवाज उठाई जाएगी। बैठक में राजेश वनवासी, योगेंद्र भारती, नंदकिशोर बिंद, मंजू गोंड, चंद्रावती देवी, विजयी वनवासी ने विचार व्यक्त किया।