जमानिया कोतवाली में शांति समिति की बैठक में बोलते एसपी डॉ. ओमप्रकाश सिंह।
- फोटो : GHAZIPUR
जमानिया/दिलदारनगर। पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार को कोतवाली परिसर में एसपी डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने चौपाल लगाकर प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता का पाठ पढ़ाया। उन्हें कर्तव्यों एवं दायित्वों के बारे में जानकारी दी। एसपी ने प्रत्याशियों से कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को आचार संहिता का पालन करना होगा। किसी भी सरकारी एवं सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, बैनर आदि लगाना प्रतिबंधित है। निजी मकानों पर मकान स्वामी की सहमति से ही पोस्टर लगा सकते हैं। वॉल राइटिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। साथ ही मतदाताओं को किसी प्रकार का लालच, प्रलोभन और दावत पार्टी नहीं दी जाएगी साथ ही कोई वस्तु, पैसा और शराब बांटना भी अपराध माना जाएगा। शिकायत मिली तो संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। कहा कि प्रत्याशी किसी भी अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को एजेंट न बनाएं। पूर्व के चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों की लिस्ट तैयार है और उनके विरुद्ध धारा 143 के तहत कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने चेताया कि आचार संहिता का कड़ाई से पालन न करने पर कार्रवाई को तैयार रहें। इस दौरान एसडीएम शैलेंद्र प्रताप सिंह सीओ हितेंद्र कृष्ण कोतवाल रविंद्रभूषण मौर्य सुजीत सिंह राजेंद्र वनवासी बसंत यादव रामाशीष यादव अनिल यादव संतोष मौर्य आदि मौजूद थे। दिलदारनगर : थाना परिसर में क्षेत्र के प्रत्याशियों एवं आमजन के साथ शनिवार को एसपी डा. ओपी सिंह ने बैठक की। कहा कि चुनाव में किसी को वोट के लिए धमकी देने की शिकायत मिलेगी तो संबंधित पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी। फर्जी मतदान करते हुए पाए जाने पर मुकदमा दर्ज होगा। बैठक में कई प्रत्याशियों ने शिकायत की कि बीएलओ की लापरवाही से एक ही व्यक्ति के तीन से चार वार्ड में नाम दर्ज हैं इससे फर्जी मतदान हो सकता है। इस पर एसपी ने बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।