गाजीपुर। ग्राम प्रधान संगठन ने सोमवार को डीपीआरओ से आरटीआई द्वारा केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी मांगी। जानकारी नौ बिंदुओं पर मांगी गई है। इससे जिला पंचायतराज विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। संगठन ने स्वच्छ भारत मिशन विभाग के कार्यो की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही मिशन में कौन-कौन अधिकारी, कर्मचारी किन-किन पदों पर कार्यरत है, प्रचार-प्रसार मद से पिछले 2014-2015 से 2020-2021 तक कितना धन खर्च किया गया है, पैसा कहा-कहां लगाया गया है, गंगा यात्रा के दौरान जिले में कितनी राशि खर्च की गई और किन कामों पर की गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा विगत पांच वर्षो में प्रशासनिक मद में कितनी धनराशि आई है और उसे कहां और किस संबंध में खर्च की गई। ग्राम पंचायतों में लाभर्थियों को शौचालय का पैसा उपलब्ध कराया गया है या नहीं, कोविड- 19 में ग्राम पंचायतों में क्या कोई राशि खर्च की गई है या नहीं। विभाग एवं मिशन के तहत कितने वाहन हैं और उन्हें कौन-कौन अधिकारी प्रयोग करते हैं आदि का ब्योरा भी पंचायतीराज विभाग से मांगा है।