सुहवल। नगसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार की शाम रेवतीपुर सीएचसी के नवागत प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रूद्रकांत सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इसके चलते कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। निरीक्षण के क्रम में स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर विफर पड़े। चेताया कि व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने के साथ ही साफ सफाई करा लिया जाए। लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका, आपातकालीन कक्ष, वार्ड कक्ष, लैब, स्टोर कक्ष, परिसर स्थित आवास आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि प्रसव और टीकाकरण सरकार की योजनाओं को लेकर लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की खिड़कियों के शीशे, फर्स, शौचालय, आपरेशन कक्ष, कोल्ड चैन, दवा काउंटर का भी गहन निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य कर्मियों के आवास आदि के फर्श टूटे होने एवं परिसर में गंदगियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए मातहतों को निर्देशित किया। इस संबंध में रेवतीपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रूद्रकांत सिंह ने बताया कि यहां तैनात चिकित्सक को स्थानांतरित किया जा चुका है। जल्द ही नए चिकित्सक की तैनाती कर दी जाएगी।