जंगीपुर। थाना क्षेत्र बेलवा गांव के सामने फोरलेन पर मंगलवार की रात वाहन मैकेनिक की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक की तलाश शुरू कर दी।
नगर कोतवाली के खलिसापुर गांव निवासी प्रसिद्धन यादव (50) मोहनलाल के पोखरे के पास एक गैरेज में मैकेनिक का काम करते थे। देर शाम ट्रक खराब होने की सूचना पर वह बेलवा गांव के सामने फोरलेन पर कार्य करने में जुटे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक मैकेनिक को कुचलते हुए खराब पड़ी ट्रक से जा टकराया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े और दुर्घटना की जानकारी परिजनों के साथ पुलिस को दी। परिवार के लोग रोते- बिलखते घटना स्थल पर पहुंच गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।