कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर तरकुलहा गांव के पास टौंस नदी में बुधवार की देर शाम मिले एक 50 वर्षीय अधेड़ के शव की शिनाख्त मऊ जनपद के सराय लखंसी थाना क्षेत्र के आदेडीह गांव निवासी प्रेम पटेल के रूप में हुई। मृतक मंगलवार की देर शाम घर से गायब था। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
टौंस नदी में मिले अधेड़ के शव को देख ग्रामीणों ने मऊ जनपद की हलधरपुर पुलिस को जानकारी दी थी। हालांकि नसीरपुर तरकुलहा कासिमाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के तहत आता है और टौंस नदी के उस पार स्थित है। ऐसे में हलधरपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र का मामला नहीं होने पर कासिमाबाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त मृतक के पैंट में मिले मोबाइल से की।
प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार पाल ने बताया कि मृतक मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के आदेडीह गांव निवासी प्रेम पटेल (50) है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रेम पटेल मंदबुद्धि था। वह मंगलवार की देर शाम साइकिल से घर से निकला था। परिजन लगातार प्रेम पटेल को खोज रहे थे, लेकिन उसका कहीं से सुराग नहीं मिला। शिनाख्त होने पर पंचनामा बनवा कर सुपुर्द कर दिया।