बरेसर थाना क्षेत्र के अमवा गांव स्थित सती धाम के पास पंचायत भवन में शौचालय के छत की ढलाई कर रहे राजमिस्त्री की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मनोरथपुर गांव निवासी सत्येंद्र राम (35) राजगीर मिस्त्री का काम करता था। वह अमवा गांव स्थित सती धाम के पास पंचायत भवन में शौचालय का निर्माण होने के बाद ढलाई कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजरे 11 हजार वोल्टेज हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। इधर परिवार के लोगों के रोने- बिलखने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।