चार दिन पूर्व लापता बालक का नाले में मिला शव
परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में शोक की लहर
संवाद न्यूज एजेंसी
सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा गांव से चार दिन पूर्व लापता बालक का शव बुधवार को नाले में मिला। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। परिवार के लोग रोते- बिलखते शव लेकर घर पहुंचे।
बारा गांव के रौजा मुहल्ला निवासी इकबाल खान (10) शारीरिक रूप से कमजोर था। चार दिन पूर्व वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिवार के लोग सगे संबंधी सहित अन्य जगहों पर बालक की तलाश करने में जुटे रहे। लेकिन उसका पता नहीं चलने पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही सोशल मीडिया के सहारे लापता बालक की तलाश में जुटे हुए थे ।
बुधवार की सुबह गांव के लोगों की नजर गंगा में गिरने वाले नाले पर पड़ी तो बालक का शव उतराया हुआ था। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर शव को पानी से बाहर निकाला। परिवार के लोग रोते- बिलखते शव लेकर घर आए और पुलिस को सूचना दिए बिना ही सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस संबंध में कोतवाल पवन उपाध्याय ने बताया कि किसी के द्वारा इस प्रकार की कोई सूचना नहीं मिली है। मामले की जानकारी प्राप्त की जा रही है।