जिलेभर में महावीर जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इसके चलते सुबह से ही जहां हनुमान मंदिरों में भक्तों का रेला लगा रहा वहीं, कई स्थानों पर महावीरी झंडा और शोभायात्रा निकाली गई। हाथों में महावीरी झंडा लेकर शोभायात्रा में चल रहे भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। संकट हरे मिटै सब पीरा, जो सुमिरे हनुमत बलवीरा की धुन पर झूमते हुए लोग अंजनीपुत्र की भक्ति में पूरी तरह से लीन रहे।
सुबह से लेकर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के हनुमान मंदिरों में मारुतिनंदन के वंदन की धूम मची रही। शनिवार के दिन हनुमान जयंती पड़ने से भक्तों में दोहरा उत्साह था।
गाजे-बाजे संग निकाली शोभायात्रा
हनुमान जयंती के मौके पर श्री राणी सती श्याम भक्त मंडल के भक्तों की तरफ से ध्वजा तथा शोभा यात्रा निकाली गई। नियाजी मुहल्ला स्थित राधाकृष्ण मंदिर से ढोल-नगाड़े के साथ निकली ध्वजा यात्रा मारवाड़ी धर्मशाला, झुन्नूलाल चौराहा, परसपुरा, लालदरवाजा, प्रकाश टाकीज, स्टीमरघाट, तीचनाथ होते हुए श्री महावीर मंदिर कट पर पहुंची।
भक्तों ने झंडा को बजरंगबली के चरणों में अर्पित किया। यात्रा में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, राजेश केडिया, संजय, विनय अग्रवाल, मनीष तुलस्यान, लालजी सोनी, जैकी केडिया, संदीप केजरीवाल, अंकित, छोटू, शरद, सचिदा, मिथिलेश, अजय अग्रवाल आदि शामिल थे। शाम को श्री राणी सती श्याम मंडल के भक्तों की ओर से भजन कीर्तन, हनुमान चालीसा का पाठ आदि पूजा-पाठ का कार्य किया गया।
हवन-पूजन के साथ हुई भव्य आरती
सैदपुर पक्काघाट स्थित स्व. दीपचंद साव हलवाई मंदिर सेवा समिति की ओर से श्री हनुमान जयंती पर भव्य आरती, पूजन और हवन किया गया। इसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। शाम 7 बजे से इलाहाबाद से आए कलाकारों ने भक्ति जागरण शुरू किया। इसमें कलाकारों की ओर से पेश किए गए भक्ति गीतों पर देर रात तक भक्तों ने गोते लगाए। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति से जुड़े पदाधिकारियों गोविंद प्रसाद, हीरालाल, मोतीराम, अजय कुमार, बंदू लाल गुप्ता, सोनू गुप्ता, जितेंद्र कुमार आदि ने अपना अहम योगदान दिया।
उधर, शहर के प्रकाशनगर स्थित माधव सरस्वती विद्या मंदिर हायर सेकेंड्री स्कूल में हनुमंत जयंती का आयोजन शनिवार को किया गया। प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र कुमार पांडेय ने हनुमान जी के चित्र पर दीप जलाकर आरती कर पुष्पार्चन किया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ किया। इस मौके पर आचार्य गोरखनाथ सिंह, विनोद तिवारी, सत्यम, हर्षिता मिश्र, वैभव सिंह, मनोज श्रीवास्तव, अमित पांडेय, प्रियेश श्रीवास्तव, कृपाशंकर, नीलिमा, संजीव आदि उपस्थित थे।