बिरनो। थाना क्षेत्र के गुलालसराय निवासी बंदना गुप्ता (24) पत्नी धर्मेंद्र गुप्ता की बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका का शव घर में फर्श पर पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी मायके वालों को होने के बाद विवाहिता के पिता ने पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
विवाहिता के पिता पप्पू गुप्ता निवासी अतौली थाना बरेसर ने पुलिस को दिए गए तहरीर में लिखा है कि वह अपनी पुत्री बंदना की शादी दो साल पहले बिरनो थाने के गुलालसराय गांव निवासी रामकृत गुप्ता के बेटे धर्मेंद्र के साथ की थी। बताया कि दहेज में सामान और बाइक न देने के कारण मेरी लड़की की हत्या की गई है। मृतका का एक साल का पुत्र शिवा भी है। विवाहिता की मौत के बाद उसके पिता पप्पू गुप्ता ने पति धर्मेंद्र गुप्ता, ससुर रामकृत गुप्ता, सास बिंदु देवी और देवर जितेंद्र गुप्ता के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतका के देवर जितेंद्र गुप्ता को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर आरोपित मृतका के देवर जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बंदना की मृत्यु के कारण का पता चल पाएगा।