सुहवल। थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट गांव की एक विवाहिता ने रविवार की देर शाम पति सहित छह लोगों पर दहेज को लेकर प्रताड़ित और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया। सभी आरोपी घर से फरार हैं। पुलिस गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। दिलदारनगर निवासी नीतू वर्मा का विवाह 2018 में ताड़ीघाट निवासी मंजित वर्मा से हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति, सास, जेठ और ननद प्रतिदिन दिन दहेज की मांग को पूरा करने के लिए दबाव बनाने के साथ ही गाली- गलौज, मारपीट करते थे। साथ ही जान से मारने की धमकी देते रहते थे। इस घटना की जानकारी मायके वालों को दी गई, लेकिन पंचायत के माध्यम से भी कोई समाधान नहीं हुआ। कुछ दिनों बाद फिर ससुरालियों द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मारपीट कर उसे घर में बंद कर दिया गया था। किसी तरह वह थाने पहुंची। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तारावती ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट सहित जान से मारने की धमकी का मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार दबिश दे रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।