गाजीपुर। जिले में दो दिन बाद बृहस्पतिवार को वैक्सीन आने के बाद जिला और महिला अस्पताल में टीकाकरण सुबह 10 बजे से शुरू होते ही लाभार्थियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। देखते ही देखते प्रथम एवं दूसरा डोज लगवाने के लिए लाभार्थी जुट गए और उनमें पहले टीका लगवाने की होड़ लगी रही। दो घंटे बाद वैक्सीन समाप्त होने की जानकारी होने पर दर्जनों लोगों को मायूस होकर घर लौटना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी दूसरे डोज को लेकर उठानी पड़ रही है। वजह जिन लोगों ने कोविशिल्ड की प्रथम डोज लगवाई थी, उनका निर्धारित दूसरे डोज के लिए समय पूरा होने पर टीका नहीं लग पा रहा है। यही नहीं बीते अप्रैल माह में प्रथम डोज लगवाए लोग दूसरे डोज के लिए पूर्व में मिले पत्र को लेकर इधर-उधर भटकने को विवश है। जिला और महिला अस्पताल से इन लोगों को यह कहकर वापस कर दिया जा रहा है कि पंजीकरण संख्या नहीं दिखाई पड़ रहा है। सबसे खराब स्थिति तो जिला महिला अस्पताल की बनी हुई है। यहां दलालों द्वारा अपने नजदीकी लोगों का दूसरा डोज बिना कार्ड दिखाएं ही लगवा दिया जा रहा है। कमोवेश यही हाल सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की भी बनी हुई है। जहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लाभार्थियों को दूसरा डोज लगाने के नाम पर बरगलाने का काम हो रहा है। सीएम डॉ. जीसी मौर्या ने बताया कि टीका जल्द ही विभाग को मिलेगा। डिमांड भेजा गया है। जैसे ही कोविशिल्ड का वायल मिलता है। लाभार्थियों का टीकाकरण शुरू हो जाएगा।