गाजीपुर। शासन ने जिले के विभिन्न विभागों के कई अधिकारियों का स्थानांतरण अन्य जिलों में कर दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र का स्थानांतरण बेसिक शिक्षा विभाग में किया गया है।
डीआईओएस भास्कर मिश्र बीते वर्ष जुलाई में यहां आए थे। इससे पहले वह यहां बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक के पद पर कार्य कर चुके हैं। उनकी जगह सिद्धार्थनगर के जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह यहां आ रहे हैं। सहकारिता विभाग में बड़े पैमाने पर स्थानांतरण हुआ है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अंसल कुमार का स्थानांतरण बांदा के लिए हो गया है। उनके स्थान पर मिर्जापुर से विपिन कुमार सिंह का स्थानांतरण यहां के लिए हुआ है। मुहम्मदाबाद तहसीलदार रामजी का स्थानांतरण संत कबीरनगर जिले के लिए हो गया है। स्थानीय अधिवक्ता तहसीलदार के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पिछले लगभग दो माह से तहसीलदार न्यायालय का बहिष्कार कर रहे थे।मुहम्मदाबाद तहसील के अपर सहकारी अधिकारी राधेश्याम सिंह का स्थानांतरण बलिया के लिए हुआ है। सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मुहम्मदाबाद नवीन कुमार सिंह का स्थानांतरण लखनऊ पैकफेड के लिए हुआ है। नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के अधिशासी अधिकारी विरेंद्र कुमार राव का स्थानांतरण अकबरपुर जिले के लिए हो गया है। वहीं, वाराणसी से आए विरेंद्र कुमार भारतीय को सब रजिस्टार सदर और पवन पांंडेय को सब रजिस्ट्रार कासिमाबाद बनाया गया है।