गाजीपुर। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत दिलदारनगर नगर पंचायत में फूड स्ट्रीट हब के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन की ओर से प्रथम किस्त के रूप में 12.11 लाख रुपये की धनराशि दिलदारनगर नगर पंचायत को जारी किया गया है।मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत दिलदारनगर नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में फूड स्ट्रीट हब का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है। अब एक ही जगह साउथ इंडियन, चाइनीज समेत कई व्यंजन मिलेंगे।इसके लिए जमीन का चयन पहले ही कर लिया गया है। पूरी योजना 24.23 लाख रुपये की है। योजना की कुल लागत का 50 प्रतिशत धनराशि 12.11 लाख रुपये प्रथम किस्त के रूप में शासन की ओर से जारी कर दिया गया है। इसको लेकर शासन के अनु सचिव रवींद्र सिंह की ओर से नगर पंचायत प्रशासन को बकायदे पत्र भेजा गया है। दिलदारनगर नगर पंचायत में कुल 11 वार्ड हैं। फूड स्ट्रीट हब का निर्माण होने से यहां की करीब 25 हजार की आबादी को फायदा मिलेगा।