जमीन संदल गांव में चल रही प्रतियोगिता में मानव पिरामिड़ बनाकर दही हांडी फोड़ने का प्रयास करते य
खानपुर। जमीन संदल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के बाद शनिवार शाम आयोजित दही हांडी प्रतियोगिता में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने दमखम दिखाया। सबसे आकर्षक मुकाबला आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ने का रहा। इसमें मंती देवी ने बिना देखे सटीक निशाना साधते हुए मटकी फोड़कर जीत हासिल की। उनके प्रदर्शन पर ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह बढ़ाया।
दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता में जमीन संदल और कलवारी की नौ टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें छह टीमें जमीन संदल और तीन कलवारी की थीं। जमीन संदल की जय मां काली स्पोर्टिंग क्लब की टीम ने मटकी फोड़कर प्रतियोगिता जीत ली। मटकी तक पहुंचने के लिए युवाओं ने कई बार मानव पिरामिड बनाया और पूरे जोश के साथ प्रयास किया। प्रत्येक टीम को तीन-तीन प्रयास दिए गए। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को गांव के सम्मानित लोगों की ओर से एक-एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रीतम बिंद, मुनीब बिंद, पिंटू आदि मौजूद रहे।