दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के नायकडीह हाल्ट के पास शनिवार को मऊ से वाराणसी जा रही तमसा पैसेंजर (मेमू) ट्रेन की चपेट में आने से शहाबुद्दीन (27) की कटकर मौत हो गई। मृतक को कान से कम सुनाई देता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि रामपुर पतारी निवासी नसरुद्दीन ने तहरीर देकर बताया कि पुत्र शहाबुद्दीन सुबह शौच करने के बाद वापस घर लौट रहा था। उसे कान से कम सुनाई देता था, जिसके कारण वह ट्रेन की आवाज नहीं सुन सका और तमसा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान परशुराम मौर्य, जनार्दन यादव और गुड्डू जायसवाल अन्य गांव के लोग पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने में जुटे थे। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।