ज्ञानपुर/चौरी। महाराष्ट्र के पालघर में एक व्यक्ति के अपहरण और बाद हत्या मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने बुधवार को जौनपुर के रामपुर गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी की पत्नी जिले में चौरी थाना के बरवां गांव की रहने वाली थी। पत्नी से फोन पर बातचीत पर पुलिस ने उसे ट्रैक किया और बरवा गांव पहुंच गई। पत्नी के साथ पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तारी कर लिया।
महाराष्ट्र के पालघर के कांदिवली निवासी सुधीर कुंजबिहारी (27) का 12 जनवरी को अपहरण कर लिया गया। बाद में उसकी हत्या कर दी गई। हत्याकांड का मुख्य आरोपी राहुल पाल उर्फ मर्दा उसके बाद से ही फरार चल रहा था। उसका मोबाइल बंद होने के कारण कारण पुलिस उसे ट्रैक नहीं कर पा रही थी। इस बीच हत्यारोपी ने अपनी ससुराल चौरी थाना क्षेत्र के बरवां में रह रही पत्नी मौसम पाल को फोन किया तो पुलिस ने उसे ट्रैक कर लिया। उसकी तलाश करते-करते महाराष्ट्र की पुलिस चौरी के बरवां गांव पहुंच गई। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही वह फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पत्नी से पूछताछ की तो पता चला कि वह जौनपुर के रामपुर में है। वहां जाकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले तीन लोग पहले ही गिरफ्तार हैं। हत्यारोपियों ने पीड़ित को चाकू से 40 जगह प्रहार किए थे। हत्यारोपी की उससे किसी बात की रंजिश थी। प्रभारी निरीक्षक चौरी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि चौरी के बरवां में हत्यारोपी की ससुराल है। यहीं उसकी पत्नी रहती है। पालघर पुलिस मोबाइल ट्रैक कर गांव पहुंची और पत्नी से पूछताछ के बाद जौनपुर के रामपुर से हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।