गाजीपुर। वासंतिक नवरात्र की महाअष्टमी पर शक्ति के रूप में महागौरी की आराधना की गई। इसके चलते जिलेभर के प्रमुख देवी मंदिरों में शनिवार को दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। घरों में व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा पाठ कर देवी मां की आरती किया। मंदिरों में पूजन के साथ ही मंत्रोच्चार भी गूंजते रहे।
शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, सकलेनाबाद, ददरीघाट, गोराबाजार, कालीधाम कालोनी, जमानिया मोड़, सिद्धेश्वरनगर, लाल दरवाजा, रायगंज, नवाबसाहब फाटक, हमीद सेतु आदि जगहों पर स्थित मंदिरों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालु पहुंचते रहे। उन्होंने श्रद्धाभाव से माता का पूजन-अर्चन किया। रोरी, अक्षत, फल-फूल, धूप-दीप, नैवेद्य आदि अर्पित कर जगतजननी का चरण वंदन किया। गहमर स्थित मां कामाख्या धाम पर अष्टमी को दर्शनार्थियों की भीड़ रही। सुबह से ही भक्तों के आने का सिलसिला शुरु हो गया था जो देर शाम तक चलता रहा। दर्शन के लिए यहां लंबी कतार लगी थी। करीमुद्दीनपुर संवाददाता के अनुसार मां कष्टहरणी मंदिर में दर्शनार्थी सुबह से लेकर शाम तक पहुंचते रहे। बहादुरगंज संवाददाता के अनुसार चंडी माता मंदिर पर सैकड़ों भक्तों ने शीश नवाया। रेवतीपुर संवाददाता के अनुसार मां भगवती मंदिर में बड़ी संख्या में देवी भक्तों ने श्रद्धा के साथ माता का पूजन-अर्चन किया। दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार सायर माता मंदिर पर श्रद्धालुओं ने पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील स्थित मनोकामना देवी मंदिर तथा स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मां के मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। यूसुफपुर स्थित महाकाली मंदिर एवं देवकली के चकेरीधाम स्थित दुर्गा मंदिर पर शाम तक भीड़ रही। इसके अलावा औड़िहार, जमानिया, सादात, करंडा, मरदह, सुहवल आदि जगहों पर स्थित मंदिरों में फल-फूल एवं नैवेद्य अर्पित कर श्रद्धालुओं ने देवी मां का चरण वंदन किया। इस दौरान पूजन के साथ ही उनके मंत्रोच्चार गूंजते रहे।