दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के डिल्ला गांव में सोमवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह बच्चे घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी वागिश विक्रम सिंह ने बताया कि बिथरिया गांव स्थित एक स्कूल के बच्चों को छोड़ने जा रही स्कूली मैजिक डिल्ला गांव में गंगाराम के खेत के पास अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। बताया कि मामले में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है और प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई है।