मगई नदी के आसपास जिन किसानों का खेत है, उनके लिए राहत भरी खबर है। अब मगई नदी का पानी उनके लिए आफत नहीं बनेगा। इसके जीर्णोद्धार के लिए सिंचाई विभाग की ओर से 63 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसको जल्द ही नमामि गंगे के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। मगई नदी का जीर्णोद्धार होने से 33 हजार किसानों की किस्मत संवरेगी। विशेष रूप से करईल क्षेत्र के किसानों को सहूलियत मिलेगी।
करईल क्षेत्र में मगई नदी का पानी 35 गांवों के किसानों के लिए कुछ दिन पहले तक सिरदर्द बना था। जगह-जगह कुछ लोगों द्वारा जाल लगा दिए जाने के कारण नदी का पानी अवरुद्ध हो गया था। नतीजतन प्रवाह के अभाव में नदी का पानी बैकफ्लो होकर खेतों में जलभराव की स्थिति ला दिया था। जब मामला सुर्खियों में आया, तो प्रशासन की ओर से नदी में जगह-जगह लगाए गए जाल को हटाया गया। इसी क्रम में एक और पहल की गई है। इसके तहत सिंचाई विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के तहत गाद निकालने के साथ ही नदी की चौड़ाई 15 व गहराई 35 मीटर जगह के आवश्यकतानुसार बढ़ाई जाएगी।
00000000000000
इन गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
गाजीपुर। करईल क्षेत्र के लठठूडीह, विशंभरपुर, भरौली कला, पतार, भरौली आला, मसौनी, गोड़ऊर, सोनवानी, हाटा, रघुबरगंज, सियाड़ी, देवरिया, विशनपुरा, मलिकपुरा, खेमपुर, सिलाईच, नसरतपुर, परसा, मुबारकपुर, मोहम्मदपुर, ढोढाडीह, राजापुर, उत्तमपुर, मुर्तिजपुर, जलालपुर, लौवाडीह, जोगा मुसाहिब, हेमापुर, शेरमठ, करीमुद्दीनपुर, बाबूलपुरा सहित 35 गांवों के करीब चार हजार बीघा खेत अब जलमग्न होने से बचेगा।
36 वर्ष बाद हुई पहल
गाजीपुर। मगई नदी में रोहू, फरहा, गिरई, कतरा, बरारी, पॉम्लेट, चाइना समेत बड़ी प्रजातियों की मछलियां पाई जाती हैं। क्षेत्र के कुछ प्रभावशाली मछली कारोबारी इनको पकड़ने के लिए जगह-जगह जाल लगा देते हैं। इसके कारण नदी का पानी अवरुद्ध होकर खेतों की तरफ का रुख कर लेता है। यह समस्या वर्ष 1990 से बनी हुई है, तब से इसके समाधान की मांग की जा रही है। अब करीब 36 वर्ष बाद ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। राजापुर के मृत्युंजय राय ने बताया कि बीते 20 जून को प्रदेश सरकार के सिंचाई मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह व 17 अगस्त को पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर को इसके लिए पत्र लिखा जा चुका है। साथ ही 30 ग्राम सभाओं के प्रधान व 55 बीडीसी सदस्य हस्ताक्षरयुक्त पत्र अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को सौंप चुके हैं।
मगई नदी को लेकर प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके तहत नदी का गाद निकालने के साथ ही गहराई व चौड़ाई बढ़ाने का भी प्रस्ताव शामिल है। - राजेंद्र चौधरी, अधिशासी अभियंता देवकली पंप कैनाल नहर