गाजीपुर। कोरोना की दूसरी लहर से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को बचाने लिए स्वास्थ्य विभाग ने ठोस कदम उठाना शुरु कर दिया है। जांच का दायरा बढ़ाने के साथ ब्लाकवार स्टेटिक एवं मोबाइल टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 68 मोबाइल एवं 17 स्टेटिक टीम आरटीपीसीआर के माध्यम से जहां स्वैब एकत्र कर रही है। वहीं एंटीजन किट के माध्यम से जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को मुहैया करा रही है। प्रतिदिन सात हजार से ऊपर संदिग्धों की कोविड जांच कराई जा रही है। ऐसे में अब तक 468129 की जांच हो चुकी है। इसमें 440229 की रिपोर्ट जहां निगेटिव आई है, वहीं 20510 अब तक पॉजिटिव पाए गए हैं। बीते अप्रैल माह में कोरोना की दूसरी लहर ने जिले को ऐसे अपनी चपेट में लिया कि रोजाना सौ से अधिक जहां संक्रमित मरीज मिलने लगे। वहीं संक्रमित मरीजों की मौत के आंकड़े में बढ़ोत्तरी होनी शुरु हो गई। ऐसे में शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्धों की जांच का दायरा बढ़ाना शुरु कर दिया। स्थिति यह कि विभाग की ओर से लगाई की स्टेटिक एवं मोबाइल टीम आरटीपीसीआर से जहां एक हजार से ऊपर स्वैब एकत्र कर जांच के लिए वाराणसी भेज रही है। वहीं एंटीजन किट के माध्यम से छह हजार से अधिक की जांच की जा रही है, जिससे ग्रामीण इलाकों में संक्रमण के फैलाव पर रोक लगाया जा सके। इस संबंध में सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि स्टेटिक एवं मोबाइल टीम द्वारा गांव-गांव पहुंचकर कैंप लगाकर कोविड की जांच की जा रही है।