नगर के जमानिया तिराहे पर नया बस स्टैंड तो जिला प्रशासन ने स्थापित करा दिया, लेकिन वहां सुविधाओं का टोटा बना हुआ है। शौचालय के लिए महिलाओं को इधर-उधर भटकना पड़ता है। टीनशेड तो यहां लगा दिया गया है, लेकिन बैठने के लिए बेंच लगाने की जरूरत नहीं समझा गई। यहीं नहीं यहां यहां यात्रियों को पानी तक मयस्सर नहीं होता है। और तो और शाम होते ही बस स्टैंड अंधेरे में डूब जाता है, जिससे आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
जमानिया तिराहा नए बस स्टैंड से गहमर, बारा, जमानिया, दिलदारनगर, दुल्लहपुर और मऊ तक के लिए प्राइवेट वाहनों का संचालन होता है। प्रतिदिन हजारों यात्री इस बस स्टैंड से इन विभिन्न जगहों की यात्रा शुरू करते हैं। प्रतिदिन करीब तीन हजार की राजस्व वसूली होती है। लेकिन यहां से परिवार के साथ यात्रा शुरू करना काफी कष्टदायक होता है। बस स्टैंड स्थापित हुए करीब पांच माह हो चुके हैं, लेकिन अब तक शौचालय का निर्माण नहीं हो सका है। वहीं पीने के लिए पानी तक की व्यवस्था न होने से इधर-उधर दुकानों से पानी का बोतल खरीदने को विवश हैं। स्टैंड पर लगे टीनशेड में बेंच न लगा होने की वजह से लोगों को घंटों खड़ा होकर इंतजार करना पड़ता है। प्रकाश की व्यवस्था न होने से शाम होते ही बस स्टैंड अंधेरे में डूब जाता है।
पानी निकासी की व्यवस्था न होने से कई दिनों तक बरसात का पानी लगा रहता है, जिससे संक्रामक रोग फैलने का जहां खतरा मंडराता रहता है। वहीं सड़न के चलते उठने वाले दुर्गंध से यात्रियों का वहां ठहरना तक मुश्किल हो जाता है। कमोबेश यही हाल रौजा स्थित मुहम्मदाबाद बस स्टैंड का भी बना हुआ है। यहां तो टीनशेड तक की सुविधा नहीं हैं। इधर यात्रियों का कहना है कि जिला प्रशासन राजस्व शुल्क वसूल कर अपना कोष तो भर रहा है, लेकिन सुविधा के नाम पर कोई व्यवस्था तक नहीं है।
बस स्टैंड का होगा सुंदरीकरण
गाजीपुर। जमानिया तिराहे के पास बने नए बस स्टैंड का सुंदरीकरण कराया जाएगा। टीनशेड में बेंच और प्रकाश की व्यवस्था को पूर्ण कराया जाएगा। इसके अलावा करीब 16 लाख की लागत से शौचालय और पानी टैंक निर्माण के साथ ही सबमर्सिबल भी लगवाया जाएगा, जिससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही रौजा स्थित मुहम्मदाबाद बस स्टैंड में भी शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
जमानिया तिराहे पर स्थापित नए प्राईवेट बस स्टैंड पर 15 अगस्त के बाद से शौचालय निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। वहां पानी टंकी भी स्थापित कराई जाएगी। दोनों कार्यों के लिए धन स्वीकृति हो गई है। टेंडर भी जल्द पूर्ण करा लिया जाएगा। मुहम्मदाबाद बस स्टैंड में भी शौचालय का निर्माण होगा, जिससे काफी सुविधा होगी।-
सुजीत मिश्रा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत
बस स्टैंड पर यात्री सुविधाओं का टोटा बना हुआ है। ऐसे में महिला यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वजह अब तक शौचालय और पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। - कुंदन, यात्री
दूर- दराज इलाकों की यात्रा शुरू करने के लिए प्रतिदिन हजारों यात्री पहुंचते हैं, लेकिन यहां बैठने तक की सुविधा नहीं है। सिर्फ टीनशेड डालकर छोड़ दिया गया है। ऐसे में परिवार के साथ यहां से सफर शुरू करना काफी कष्टदायक होता है। - अभिनव, यात्री
पूर्व में बस स्टैंड नगर के पास था। वहां प्रकाश व्यवस्था थी, लेकिन जब से जिला प्रशासन द्वारा बस स्टैंड जमानिया तिराहे पर स्थापित करा दिया गया है। करीब पांच माह बाद भी अब तक यहां प्रकाश की व्यवस्था नहीं हो सकी। स्थिति यह है कि आए दिन चोरी की घटना होती रहती है। - बच्चन राय, वाहन संचालक
शौचालय की व्यवस्था न होने से काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिला यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। कम से कम पानी और शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे राहत मिल सके।- गुड्डू राय, वाहन संचालक