धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री विजय मिश्र ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को अब लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जाएगी। उन्हें पर्याप्त बिजली की आपूर्ति भी होगी। इसके लिए उनका प्रयास कामयाब रहा। प्रदेश सरकार जो कहती है, उसे पूरा भी करती है। यह बातें उन्होंने रविवार को नगर के लोटन इमली क्षेत्र में नवनिर्मित 33/11 केवीए विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण करने के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि आज देश का नौजवान, किसान विषम परिस्थितियों के दौर से गुजर रहा है।
दूसरी तरफ काला धन से लेकर गंगा सफाई एवं जनधन योजना के नाम पर गरीबों के खाते में 15-15 लाख भेजने की बात कहकर देश की सबसे बडी सत्ता पर बैठने वाले नेता जी मन की बात एवं विदेश के तूफानी दौरों में लगे हुए हैं। झूठे चुनावी वायदों के बल पर देश की सत्ता हथियाने वाली पार्टी की चाल देश की जनता समझ चुकी है। यही कारण है कि अभी हाल में सम्पन्न हुए 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में चार बडे़ राज्यों की जनता ने इस दल को सिरे से नकार दिया है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा के करण्डा एवं रायपुर क्षेत्र में इसी तरह के दो और विद्युत उपकेन्द्रों का शिलान्यास किया, जिसमें एक चालू हो चुका है एवं एक आगामी कुछ ही महीनों में आरंभ हो जायेगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में 200 बेड के स्वीकृृत अस्पताल को 500 बेड के अस्पताल में उच्चीकृृृत कराकर निर्माण कार्य पूर्ण कराया। अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय एसएन मौर्या भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सीताराम पांडेय, असलम खां, दिनेश यादव, रामधारी यादव, अहमर जमाल, जेई अकबर अली, जेपी चौरसिया, सुदर्शन यादव, गुलाम कादिर राईनी, गोपाल यादव, राजनारायण यादव, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, वहीद चौधरी, राशिद अंसारी आदि उपस्थित थे।