मनिहारी। शादियाबाद थाना क्षेत्र के सुजनीपुर पुलिया पर शनिवार की रात पांच की संख्या में बदमाशों ने बाइक सवार को युवकों को रोककर उनको तमंचा दिखाकर उनकी जमकर पिटाई की, जिससे दोनों बेहोश हो गए। एक युवक के पास से 20 हजार नगदी, सोने की चेन सहित बाइक लूटकर फरार हो गए। पीड़ित युवक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
मालूम हो कि सादात थाना क्षेत्र के मरदापुर निवासी विशाल यादव एवं सचिन यादव अपनी रिश्तेदारी शादियाबाद थाना क्षेत्र के सरायगोकुल (अराड़) गांव निवासी संजय यादव के घर आए थे। भोजन के बाद किसी काम के लिए विशाल ने रिश्तेदार से 20 हजार रुपया लिया। इसके बाद दोनों घर के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान रात में करीब आठ बजे शादियाबाद थाना क्षेत्र के सुजनीपुर पुलिया के पास पांच की संख्या में मौजूद बदमाशों ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। युवक गाड़ी घुमाने लगे। इस पर बदमाशों ने ईंट से वार कर दिया, जिससे दोनों युवक बाइक सहित गिर पड़े और शोर मचाने लगे। इस पर बदमाशों ने तमंचा तानते हुए शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाश दोनों युवकों को गाड़ी पर बैठाकर गोलाधरी चट्टी पर ले गए और वहां पर लाठी-डंडा से उनकी इतनी पिटाई किया कि दोनों बेहोश हो गए। बदमाश विशाल के पास से 20 हजार नगद, एक सोने की चेन और विशाल की 15 दिन पहले खरीदी गई बिना नंबर की बाइक लेकर फरार हो गए। होश में आने पर युवकों ने घटना की जानकारी परिवार के साथ ही डायल-100 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ितों से घटना की जानकारी लेते हुए उपचार के लिए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी ले गए। कुछ ही देर में परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी महिपाल पाठक ने बताया कि मैं बाहर हूं। घटना मेरे संज्ञान में है। पीड़ित विशाल की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, खुलकर कुछ भी बताने में थानाध्यक्ष आनाकानी करते रहे। पुलिस सूत्रों से पता चला कि एक इंटर कालेज परिसर से बदमाश लूटी गई बाइक खड़ाकर फरार हो गए थे, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।