सुहवल। दानापुर मंडल के तहत 19 किमी लंबे ताड़ीघाट-दिलदारनगर ब्रांच लाइन पर इलेक्ट्रानिक ट्रेन दौड़ाने से पहले रेलवे ट्रैक की पैकिंग को लेकर कार्य चल रहा है। इस दौरान मालगाड़ी से गिट्टी गिराने का कार्य चल रहा है। गुरुवार को मालगाड़ी के 46 डिब्बों से गिट्टी गिराया जा रहा था। इस दौरान ताड़ीघाट रेलवे क्रांसिंग बंद होने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे बाद मालगाड़ी जाने के बाद रेलवे क्रासिंग खुलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।
ब्रांच लाइन पर ट्रैक के दोनों तरफ जगह-जगह गिट्टी गिराने का काम रेलवे की ओर से तेजी से चल रहा है। दो इंजनों से लैस 46 डिब्बे की मालगाड़ी सोनवल होते हुए ताड़ीघाट पहुंची, जिससे रेलवे फाटक बंद कर दिया गया था। इसके कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब चार बजे गिट्टी गिराने का काम समाप्त होने के बाद मालगाड़ी के जाने के बाद क्रासिंग खोला गया। तब जाकर वाहनों का आवागमन सुचारू हो पाया। स्टेशन अधीक्षक सुजित कुमार ने बताया कि ब्रांच लाइन पर क्रासिंग के पास मालगाड़ी के द्वारा गिट्टी गिराने व सुरक्षात्मक दृष्टिगत क्रासिंग को बंद किया गया था।