नगर के कॉलेज स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षण कार्य अनियमित होने का आरोप लगाते हुए छात्रनेताओं ने बुधवार को प्राचार्य कक्ष में ताला जड़ दिया। प्राचार्य कक्ष के सामने जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। चेतावनी दी कि शिक्षण कार्य दुरुस्त नहीं हुआ, छात्रों की अन्य समस्याओं का निदान नहीं किया गया तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद छात्रनेताओं ने सभा की। छात्रसंघ अध्यक्ष अभिषेक राय ने कहा कि खुद प्राचार्य कई दिनों से कॉलेज नहीं आ रहे हैं, जिससे शिक्षण व्यवस्था बिगड़ गई है। कई शिक्षक मनमाने ढंग से कॉलेज आ रहे हैं। पठन पाठन के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
दूर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। कक्षाएं नहीं चलने से निराश होकर लौटना पड़ रहा है। कहा कि इसके लिए प्राचार्य को गंभीरता से सोचना चाहिए। इसके पहले भी प्राचार्य से कई समस्याएं दूर करने की मांग की गई थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
उपाध्यक्ष विवेक राय ने कहा कि कॉलेज परिसर में बाहरी युवक आ रहे हैं, जिससे माहौल खराब हो रहा है। कॉलेज प्रशासन बाहरी युवकों के महाविद्यालय में प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाए। महामंत्री अंकित राय ने कहा कि यदि इन समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन के लिए छात्र मजबूर होंगे। इस मौके पर पूर्व उपाध्यक्ष अंकित राय, सुधांशु राय, नवीन राय, अर्पित कुमार, अतुल राय, प्रशांत राय, पवन आदि रहे।