जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कामायनी दुबे ने शुक्रवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से नि:शुल्क अधिवक्ता, जेल लोक अदालत और उनकी जेल अपील से संबंधित अन्य समस्याओं को जाना। साथ ही जेल अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव को जेल अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान समय में जिला कारागार में 970 बंदी निरूद्ध हैं। इसमें 874 पुरुष, 38 महिला बंदियों के साथ एक बच्चा निरूद्ध है। साथ 58 अल्पवयस्क है। सुबह का नाश्ता दलिया, चाय, दोपहर का भोजन रोटी चावल, अरहर की दाल, सब्जी, शाम के भोजन में रोटी, चावल, उर्द-चना की दाल, सब्जी दी गई है। सचिव ने पुरुष एवं महिला बैरक का भी निरीक्षण किया। साथ ही जेल के कई बंदियों से बात कर उनकी समस्याओं को जाना और समस्याओं के निस्तारण का निर्देश कारागार प्रशासन को दिया। उन्होंने जिला कारागार में स्थित जेल लीगल क्लीनिक पर विशेष रूप से ध्यान देने को कहा। बैरक एवं कारागार परिसर में साफ-सफाई, मच्छरों से बचाव के लिए दवा छिड़काव के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर उप कारापाल कमलचंद उपस्थित थे।