गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद दौरे के बाद कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर तीन थानाध्यक्षों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। इन थानाध्यक्षों को पुलिस लाइन से संबद्ध कर इनके स्थान पर तेज-तर्रार थानाध्यक्षों को कई महत्वपूर्ण प्रभार सौंपे हैं। वीर अब्दुल हमीद सेेतु पर प्रतिबंध के बावजूद ओवलोड वाहनों के आवागमन एवं अवैध बालू के खेल में शामिल होने का मामला प्रकाश में आने के बाद सुहवल थानाध्यक्ष सुदेश कुमार सिंह पर गाज गिरी और उन्हें लाइन हाजिर किया गया। यही नहीं जिन पुलिस कर्मियों को थाने का प्रभार सौंपा गया है। उन्हें भी इसके लिए कड़ी चेतावनी दी गई है कि वह भी इसी नक्शे कदम पर चले तो कार्रवाई तय मानें। पूर्व में एसपी ओवरलोड वाहनों से वसूली के मामले में पूरी पुलिस चौकी को निलंबित कर चुके हैं। इसके बाद लंबे समय तक शहर कोतवाली के रजागंज पुलिस चौकी पर किसी दारोगा की तैनाती तक नहीं हुई थी।
मरदह थानाध्यक्ष बलवान सिंह को भी लाइन हाजिर किया गया है। चर्चा है कि थानाध्यक्ष बीते दिनों सीएम के कार्यक्रम में हिंदू युवा वाहिनी के नेता से उलझ गए थे। जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि वह ड्यूटी के दौरान प्रोटोकाल का उल्लंघन करने वालों को रोक रहे थे। कार्यक्रम के बाद भाजपा व हियुवा नेताओं ने एसपी से शिकायत की थी। जांच के बाद दोषी मिले थानाध्यक्ष की कुर्सी छिन गई। वहीं दिलदारनगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय पर भी कार्य के दौरान लापरवाही का आरोप रहा। उन्हें भी लाइनहाजिर होना पड़ा। बेहतर कार्य के बदौलत इंस्पेक्टर बने सिधौना चौकी प्रभारी को सुहवल थाने की कमान सौंपी गई है। जबकि मुहम्मदाबाद कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक सुनिल कुमार सिंह को मरदह, उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार राय को पुलिस लाइन से थानाध्यक्ष नंदगंज जबकि यहां के थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को प्रभारी मीडिया सेल, रेवतीपुर के प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल को दिलदारनगर, उपनिरीक्षक राजेश बहादुर सिंह चौकी प्रभारी सेवराई थानाध्यक्ष रेवतीपुर, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक गहमर अनिल कुमार पांडेय प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर बनाए गए हैं।