सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में चंद्रशेखर नगर स्थित उमापति राय के आवास पर रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर नंदकुमार राय की पुस्तक जीवन के बदलते सरोकार का विमोचन विशिष्ट अतिथि डा. बीडी मिश्र, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दूबे, अवधेश राय शास्त्री और गिरजा प्रसाद मस्ताना ने संयुक्त रुप से किया।
इस अवसर पर बीडी मिश्र ने कहा कि स्वार्थ की राजनीति ने सामाजिक सरोकारों को दुष्प्रभावित करना शुरु कर दिया। सामाजिक हित की जगह निजी लाभ-हानि की बातें सोची जाने लगी।
भौतिकता अब अध्यात्म पर भारी पड़ने लगा है। सुखवादी जीवन जीना ही मानव जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य बन गया। जीवन की इस आपाधापी में सारे सरोकार बड़ी तेजी से या तो बदल गए या टूट गए।
यह पुस्तक आधुनिक जीवन और समाज का दस्तावेज है। अध्यक्षता कवि गिरजा प्रसाद मस्ताना एवं संचालन शिवेंद्र कुमार पाठक ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विश्वमोहन शर्मा ने किया।