गाजीपुर। मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के रिश्तेदार समेत चार करीबियों का शनिवार को शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही असलहों को पुलिस ने जमा करा लिया। कारतूसों के सत्यापन में अनियमितता मिलने पर हुई कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। इसके साथ ही टॉपटेन अपराधियों, भूमि और खनन माफियाओं के अलावा पंजीकृत किए गए 20 माफिया गैंग के खिलाफ पुलिस टीम द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने मुख्तार अंसारी गैंग आइएस 191 से जुड़े चार सहयोगियों की रिपोर्ट मिलने के बाद लाइसेंस निरस्त करने के साथ पुलिस टीम द्वारा शस्त्रों को जमा कराया गया। शासन के निर्देश पर जिला व पुलिस प्रशासन की ओर मऊ विधायक व माफिया मुख्तार अंसारी के परिवार के सदस्यों व गैंग से जुड़े लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके द्वारा किए गए अपराध और भूमि पर अवैध कब्जे की पड़ताल की जा रही है। साथ ही गलत तरीके से लिए गए असलहों को निरस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने उनके रिश्तेदार कोतवाली क्षेत्र के मीर अशरफ अली मुहल्ला निवासी मुहम्मद सालिम, बरबरहना के नूरुद्दीन आरिफ व सैय्यदवाड़ा निवासी मसूद आलम का लाइसेंस निरस्त करने के साथ शस्त्रों को मालखाने में जमा करा लिया गया है। वहीं मुहम्मदाबाद कोतवाली के मिर्धा कस्बा निवासी इम्तियाज अली का भी लाइसेंस निरस्त करने के साथ एनपीबी 32 बोर पिस्टल मालखाने में जमा करा लिया गया है। इसके अलावा पुलिस द्वारा पंजीकृत किए गए 20 से अधिक माफिया गैंग से जुड़े सदस्यों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
शासन के निर्देश पर बड़े माफिया व टापटेन अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। सत्यापन रिपोर्ट के बाद मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े लोगों के लाइसेंस निरस्त करने के साथ शस्त्रों को मालखाने में जमा कराया गया है। साथ ही पंजीकृत किए गए माफिया गैंग के सक्रिय सदस्यों, टॉपटेन अपराधियों, खनन, शराब व भू माफियाओं पर कार्रवाई करने के साथ धर-पकड़ जारी है।
- डा. ओमप्रकाश सिंह, एसपी।