जोगी वीर-उचौरी-बिहारीगंज डगरा मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे फुटपाथ पर लगाए गए इंटरलॉकिंग को उखाड़कर निजी कंपनी के द्वारा अंडर ग्राउंड ओएफसी केबल का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में इस मुख्य मार्ग की पटरी और सड़क का किनारा क्षतिग्रस्त हो रहा है। उस मार्ग से आने जाने वाले लोगों को इससे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि पीडब्ल्यूडी के तरफ से कोई भी कर्मचारी और अधिकारी इन्हें रोकने के लिए समय पर उपस्थित रहता है। जबकि प्रत्येक मार्ग का पीडब्लूडी के तरफ से एक मेठ नियुक्त रहता है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। जबकि ओएफसी केबल, पाइप लाइन बिछाने के लिए किसी भी कार्यदायी संस्था द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग से कोई भी स्वीकृति नहीं ली जाती है और लगभग सभी सड़कों के किनारे अपना कार्य पूर्ण कर धड़ल्ले से मार्ग को क्षतिग्रस्त कर चले जाते हैं। उनके ऊपर कोई कार्यवाई तक नहीं होती है। जबकि नियम यह है कि कार्य प्रारंभ करने के पहले संबंधित पीडब्लूडी विभाग से स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया जाता है तथा उस पर जो भी अनुमानित मरम्मत का खर्च होता है। उसका एक डिमांड नोट भेजा जाता है तथा उसे जमा कराया जाता है। इसके बाद कार्य करने की स्वीकृति प्रदान की जाती है। सहायक अभियंता पीडब्लूडी एसके राम ने कहा कि सड़क किनारे कार्य कराने की किसी भी संस्था द्वारा कोई भी स्वीकृति नहीं ली गई है। मामला संज्ञान में है। विभाग द्वारा जिलाधिकारी को पत्र भेजना जाएगा।