कोतवाली क्षेत्र के दुबैथा के पास गुरुवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने
पुरानी रंजिश में दिनदहाड़े अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव
कब्जे में ले लिया। मौके पर एसपी पहुंचे और परिवार के लोगों से पूछताछ की।
इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर
लिया।
पुलिस अधीक्षक रामकिशोर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द
ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
दुबैथा गांव निवासी विनय पांडेय
(40) गुरुवार को दिन में करीब एक बजे अपने एक परिचित को गांव से लगभग एक
किलोमीटर दूर धरवां चट्टी पर छोड़ने गए थे।
वह स्कूटी से लौट रहे थे। उनके
पास उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर थी। उनके घर से लगभग 300 मीटर दूर गांव के
बाहरी हिस्से की ओर जूनियर हाईस्कूल के सामने मोटर साइकिल सवार दो युवकों
ने उनकी स्कूटी को धक्का मारकर गिरा दिया। जब तक विनय संभलते बदमाशों ने दो
गोली मार दी।
एक गोली उनके सिर में और दूसरी सीने में लगी। घटनास्थल पर ही
उनकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर जब ग्रामीण घरों से बाहर निकले तो
बाइक सवार हमलावरों ने पिस्टल लहराना शुरू कर दिया। इसके बाद वे धरंवा की
ओर भाग गए।
इस मामले में विनय की पत्नी अनुज बाला पांडेय की तहरीर पर पुलिस
ने तीन नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मालूम हो कि विनय
के पांच वर्षीय बेटे प्रियांशु का 2009 में अपहरण हो गया था। तत्कालीन
एसएचओ मनमोहन पांडेय ने प्रियांशु की बरामदगी मुंबई के नाला सोपारा से की
थी।
हत्या को उनके घरवाले इसी से जोड़ कर देख रहे हैं। पुलिस मामले की
छानबीन कर रही है।