गाजीपुर। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में हुई। डीएम अनुपम शुक्ला ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीर्ष प्राथमिकता पर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई जाए।
इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस कार्य में लगे हुए सभी कर्मचारियों के अवकाश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए चेतावनी दी कि अगर कोई भी अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित रहा तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी प्रतिदिन पांच गांवों का भ्रमण करके फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की मौके पर समीक्षा करते हुए अधिकतम पूर्ति सुनिश्चित करेंगे। सभी तहसीलों तथा विकास खंडों का दैनिक लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी जिलास्तरीय अधिकारियों एवं विकासखंडस्तरीय अधिकारियों को इस कार्य में लगाए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दशा में शासन की मंशा के अनुरूप 30 अप्रैल तक प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी बननी चाहिए। जिले में अब तक 76 प्रतिशत से अधिक किसानों के किसान पहचान पत्र (फार्मर रजिस्ट्री) बन चुकी है। संवाद