गहमर। कोरोना काल में स्थानीय रेलवे स्टेशनों पर कई ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया था। आज तक उन ट्रेनों का ठहराव स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुरू नहीं हुआ। इसी को लेकर भूतपूर्व सैनिक सेवा समिति एवं रेल पुन: ठहराव समिति के सदस्यों ने स्टेशन मास्टर बबलू कुमार के माध्यम से दो सूत्रीय मांगों को लेकर पत्रक दानापुर डीआरएम को पत्रक सौंपा। उन्होंने कहा शनिवार से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू होगा।
रेल पुन: ठहराव समिति के सदस्य सुधीर सिंह ने कहा कि बीते 20 फरवरी को डीआरएम से लेकर सभी उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया था कि यदि गहमर रेलवे स्टेशन पर कोरोना के पूर्व ठहरने वाली मगध एक्सप्रेस, गरीब रथ एवं भगत की कोठी का ठहराव नहीं हुआ तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। लेकिन, 15 मार्च बीत जाने के बाद भी हमारी मांगों पर कोई विचार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के पूर्व ठहरने वाली सभी ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गंगा नदी पर बने रेल सह रोड ब्रिज का नामकरण पूर्व सांसद विश्वनाथ सिंह गहमरी के नाम पर किया जाए। इस मौके पर गहमर इंटर काॅलेज के पूर्व प्रबंधक हरेराम सिंह, सचितानंद उपाध्याय, जगरनाथ सिंह, उमेश सिंह, अजीत सिंह बुल्लु आदि मौजूद रहे।