सेवराई। बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मंगलवार को प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय तक मार्च निकाला और न्यायिक कार्य से विरत रहने का पत्रक सौंपा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पारस राम एडवोकेट ने कहा कि तहसील परिसर में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।
वादकारियों से पैसे लेकर फैसले प्रभावित किए जा रहे हैं। कहा कि तहसील में प्राइवेट कर्मचारियों को रखकर वादकारियों से बोली लगाई जाती है और जो अधिक पैसे देता है, उसके पक्ष में निर्णय कर दिया जाता है। अधिवक्ताओं ने कहा कि बिना अधिवक्ता के किसी भी मामले की सुनवाई न्यायसंगत नहीं है। इसके बाद अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में ही नारेबाजी करते हुए न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। एसडीएम संजय यादव ने सभी आरोपों को खारिज किया और कहा कि कोई भी कर्मचारी प्राइवेट नहीं है। इस मौके पर महासचिव सुमंत कुशवाहा, अधिवक्ता दयाशंकर सिंह, अशोक सिंह, प्रवीण राय और शशिभूषण राय आदि मौजूद रहे।