औड़िहार (गाजीपुर)। सैदपुर कोतवाली के तरवानिया स्थित हाईवे अंडरपास के पास बस से कुचलकर देवरानी काजल गिरी, जेठानी रितु गिरी व चार माह के सेजल की मौत हो गई थी। देर शाम जहां पुलिस ने बस चालक के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली, वहीं बस को सीज कर दिया।
इधर, देर रात तीनों शवों को लेकर परिजन मिर्जापुर जनपद शाहपुर गांव पहुंचे। सोमवार की भोर परिजनों ने देवरानी-जेठानी का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं मासूम को नदी में प्रवाहित किया गया। मिर्जापुर के अदलहाट थाना के शाहपुर निवासी मिलन गिरी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को लेकर देर रात परिजन घर पहुंचे। जहां तीनों शवों को देखते ही परिजन बिलख पड़े। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हुए थे।
सोमवार की भोर करीब चार बजे रायपुरिया श्मशान पर देवरानी काजल व जेठानी रितु का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, चार माह बेटे सेजल का नदी में परवाह किया गया।
मुखाग्नि दोनों भाइयों प्रतीक व पंकज ने दी। प्रतीक के चचेरे भाई मिलन गिरि ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। मंगलवार को रिपोर्ट के साथ परिवार के लोग पुनः सैदपुर कोतवाली जाएंगे। पंकज गिरि भी मुंबई से रविवार की रात करीब 10 बजे घर पहुंच गए थे। पत्नी का शव देखकर बेसुध हो गए, बिलखते- बिलखते अचेत हो जा रहे थे। सैदपुर कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के ससुर कुंदन गिरि की तहरीर पर अलीगढ़ निवासी बस चालक संजय गोसाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बस को सीज कर दिया गया है।