गाजीपुर। आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन का अंतिम अवसर दिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय ने ऐसे अभ्यर्थियों से 10 मई तक हर हाल में अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराने को कहा है। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सोनी की ओर से जारी सूचना के अनुसार आंगनबाड़ी सहायिका पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की परियोजनावार शॉर्टलिस्ट सूची प्रकाशित की गई थी। इसके बाद तीन मई से अभिलेख सत्यापन का कार्य कराया जा रहा है, जो लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि विभिन्न कारणों से कुछ अभ्यर्थी सत्यापन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके, जिसके चलते उनका अभिलेखीय सत्यापन लंबित है। विभाग ने ऐसे अभ्यर्थियों को 10 मई तक विकास भवन स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में अपने सभी मूल अभिलेखों के साथ स्वयं उपस्थित होकर सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।