मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती गोली से घायल राजू यादव। स्रोत.. परिजन
सुहवल। थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट गांव में बृहस्पतिवार की रात तेरही से घर लौट रहे डीएलएड छात्र को जमानत पर बाहर आए हमलावर के साथ अन्य बदमाशाें ने गोली मार दी। सिर के दाहिने तरफ पिछले हिस्से को चीरते हुए गोली निकल गई। खून से लथपथ छात्र अचेत होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर हमलावर चार राउंड हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। घायल के चचेरे भाई ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इधर, शुक्रवार को मुख्य आरोपी शत्रुघ्न उर्फ बुद्धन सिंह ने गैंगस्टर कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि ताड़ीघाट निवासी राजू यादव (25) गांव के ही मन्नू चौधरी के यहां आयोजित तेरही कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। वह अभी घर से करीब 150 मीटर पहले गांव के उत्तरी छोर पर पहुंचे ही थी घात लगाए हमलावरों ने किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते हमलावरों ने तमंचे से राजू यादव को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली राजू के सिर के दाहिने तरफ पिछले हिस्से को चीरते हुए निकल गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। इधर, गोली की आवाज सुनते ही ग्रामीण घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। परिजन ग्रामीणों की मदद से घायल छात्र को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार चल रहा है।
घायल छात्र की मां नगेशरी यादव ने बताया कि उनके बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वहीं घटना की जानकारी होने पर जमानिया सीओ अनिल कुमार और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई और पूछताछ में जुट गई। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि गोली से घायल छात्र के चचेरे भाई मनीष यादव ने मुख्य आरोपी श्याम बहादुर उर्फ बुद्धन सिंह, दुर्गा सिंह उर्फ गांधी, हिमांशु सिंह और मनीष सिंह उर्फ राहुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
असलहा और कारतूस की बरामदगी में जुटी पुलिस : थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि डीएलएड छात्र राजू यादव को गोली मारने के मामले के मुख्य आरोपी श्याम बहादुर उर्फ बुद्धन सिंह ने शुक्रवार को गैंगस्टर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के न्यायालय के सरेंडर की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अब प्रयुक्त असलहा और कारतूस की बरामदगी के लिए बुद्धन सिंह को रिमांड पर लेने की तैयारी में जुट गई है। वह नामजद अन्य तीन आरोपी दुर्गा सिंह उर्फ गांधी, हिमांशु सिंह और मनीष सिंह उर्फ राहुल की तलाश में दबिश दे रही हैं।