गाजीपुर। प्रदेश सरकार की ओर से प्रतिवर्ष माध्यमिक स्तर पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट विद्यालयों को मान्यता प्रदान की जाती है। वर्तमान शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई थी। जिसे कोविड-19 के दृष्टिगत बढ़ाकर 30 जून कर दिया गया है। इस संबंध में विशेष सचिव उदयभानू त्रिपाठी का निर्देश माध्यमिक शिक्षा के निदेशक और परिषद के सचिव को भेजा जा चुका है। यह निर्देश शिक्षा निदेशक द्वारा सभी जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजा जा चुका है।
जिले में प्रतिवर्ष मान्यता के लिए लगभग सौ से अधिक आवेदन पत्र भरे जाते हैं। इस सत्र में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण आवेदन करने वालों की संख्या बहुत कम थी। इस कमी को देखते हुए शासन द्वारा इसकी पूर्व में निर्धारित अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 जून किया गया है। गत शैक्षिक सत्र 2020-21 में मान्यता के लिए दो सौ से अधिक लोगों ने आवेदन किया था लेकिन उन्हें शासन द्वारा अभी तक मान्यता जारी नहीं की गई। इससे पूर्व शैक्षिक सत्र 2019-20 के लिए जिन लोगों ने हाईस्कूल की मान्यता के लिए आवेदन किया था। उन्हें अभी तक मान्यता नहीं मिली है। दो सत्रों की मान्यता अभी अधर में लटकी हुई है और तब तक अगले शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए भी आवेदन मांगे जा रहे हैं। शासन द्वारा पूर्व में भरे गए दो शैक्षिक सत्रों की अभी तक मान्यता जारी नहीं किए जाने से आवेदकों में निराशा है। ऐसे आवेदकों ने मुख्यमंत्री से शीघ्र मान्यता जारी करने का आग्रह किया है।