गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के शेखनपुर गांव में शुक्रवार रात जमीन फिर धंसी जिससे शारदा देवी के मकान की चहारदीवारी गिर गई। गांव में एक पखवाड़े से जमीनों के धंसने एवं मकानों के फटने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार रात को जमीन धंसने से गड्ढे का आकार कुएं जैसा हो गया है। एसडीएम भरत भार्गव ने बताया कि पीड़ितों के लिए जमीन उपलब्ध हो गई है, शीघ्र ही उन्हें आवंटन पत्र मिल जाएगा।
विकासखंड के शेखनपुर गांव में जमीन धंसने की वजह से बेघर हुए परिवारों के सामने अब आशियाने की चिंता है। जमीन धंसने से गांव के राजकुमार पासी, शारदा देवी, तारा देवी, संतोष पासी, भरत पासी, राम लाल गौड़ के साथ रामदास राजभर बेघर हो गए हैं। इनके घर चारों तरफ से फट चुके हैं। तहसील प्रशासन ने सभी बेघर लोगों को पास के प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट कराया है।
प्रशासन ने उनके नए ठिकाने के लिए जमीन की व्यवस्था कर ली है। एसडीएम भारत भार्गव ने बताया कि शेखनपुर गांव में जमीन की तलाश पूरी हो गई है। लेखपाल को निर्देश दिया गया है कि शीघ्र भूमि आवंटन की सभी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें पत्र दे दिया जाए। पीड़ितों को आवंटित भूमि पर प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराया जाएगा।