दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पातेपुर गांव के पास बुधवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर उसकी तलाश शुरु कर दी है। उधर, दुर्घटना के बाद परिजन बिलखते रहे। मुहब्बतपुर गांव निवासी सुभाष राम (50) साइकिल से पातेपुर गांव किसी काम से गए थे। देर शाम वह घर वापस लौट रहे थे। लठ्ठूडीह-बाराचवर मार्ग की तरफ जाते समय अज्ञात वाहन ने पीछे से धक्का मार दिया। जब-तक आस-पास के लोग पहुंचते चालक वाहन समेत फरार हो गया। ग्रामीण निजी वाहन से घायल को बाराचवर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां डाक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए। वहां से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद परिजनों के बिलखने से गांव में मातम पसरा रहा। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी राजकुमारी देवी की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।